रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि रूसी वायु सेना ने बुधवार को सीरिया में आतंकियों के ठिकानों पर बमबारी की जिसमें 320 आतंकी मारे गए।
इरना के अनुसार, रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशिन्कोफ़ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान, सीरिया के विभिन्न इलाक़ों में रूस की इस हवाई कार्यवाही में आतंकियों के लगभग 30 टैंक और बक्तरबंद गाड़ियां भी तबाह हुयीं। उन्होंने बताया कि रूस के बमवर्षक विमानों ने 24 घंटों के दौरान आतंकियों के तेल के 15 टैंन्करों और पेट्रोलियम उत्पाद ले जाने वाली लगभग 100 गाड़ियों को भी तबाह कर दिया।
ज्ञात रहे कि रूस लगभग 70 दिनों से सीरिया में विदेश समर्थित आतंकियों के ख़िलाफ़ हवाई कार्यवाही व मीज़ाइल हमले कर रहा है और इन कार्यवाही में वह 60 से ज़्यादा युद्धक विमान और कई समुद्री जहाज़ व पनडुब्बियां इस्तेमाल कर रहा है। रूस की सशस्त्र सेना ने, इस दौरान सीरिया में विभिन्न इलाक़ों में आतंकियों ख़ास तौर पर दाइश के 8000 ठिकानों को तबाह किया है।